वीकेंड पर देहरादून में विशेष ट्रैफिक प्लान, मसूरी-ऋषिकेश जाने वालों के लिए रूट डायवर्जन

Vivek verma
देहरादून। 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक वीकेंड के दौरान पर्यटकों और वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए डाटकाली, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर, कैंट और कुठालगेट सहित वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। यातायात का दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जाएगा। ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी थानो रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा और आईटी पार्क होते हुए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
मसूरी में पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत तक पहुंचने पर प्लान-B और पार्किंग फुल होने पर प्लान-C लागू किया जाएगा। ऋषिकेश में भी यातायात दबाव के अनुसार प्लान-A और प्लान-B के तहत वाहनों का संचालन किया जाएगा।
देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की गई है। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने, अनावश्यक हॉर्न से बचने और रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।