गांधीग्राम में फल बेचने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया शांत
लोगों की भीड़ जुटने से बढ़ा तनाव, कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज

देहरादून के गांधीग्राम क्षेत्र में फलों की बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिसने कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 4 मार्च 2026 की शाम चौकी लक्ष्मण चौक को सूचना मिली कि गांधीग्राम इलाके में फल बेचने को लेकर दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय से होने के कारण आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और भीड़ को वहां से हटाया। मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली नगर में मु.अ.सं. 91/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(3) और 352 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।