युवा जागा तो बदलेगा देश: आंबेडकर जयंती पर देहरादून में गूंजा ‘जय भीम’ का संदेश
संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आने का आह्वान
देहरादून में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर “जय भीम, जय हिंद” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार सचिव वैभव वालिया द्वारा किया गया, जबकि संचालन मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कन्हैया कुमार उपस्थित रहे। अपने प्रभावशाली संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिया गया संविधान देश की आत्मा है, लेकिन आज उसकी मूल भावना पर लगातार प्रहार हो रहा है। उन्होंने सत्ताधारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि “नारा देश का दिया जा रहा है, लेकिन खजाना दोस्तों का भरा जा रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में नफरत, असमानता और अन्याय को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो बाबा साहेब के सपनों के भारत के विपरीत है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि युवा चुप न रहें, बल्कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के मंत्र को अपनाते हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है, जबकि सरकारें ध्यान भटकाने की राजनीति में लगी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि देश में सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांतों को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर ही देश को सही दिशा मिल सकती है।
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि संविधान हर नागरिक को अधिकार देता है, लेकिन आज इन अधिकारों को सीमित करने की कोशिश हो रही है, जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी।
वहीं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक वैभव वालिया ने सभी अतिथियों, प्रदेश नेतृत्व और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में विधायक रवि बहादुर, उत्तराखंड NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन “जय भीम, जय संविधान, जय हिंद” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।