Uttarakhand

देवभूमि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं: इमरान प्रतापगढ़ी

टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने और मेडिकल कॉलेज का मुद्दा संसद में उठाने की मांग

 

विवेक वर्मा 

नई टिहरी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध शायर इमरान प्रतापगढ़ी दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण के तहत टिहरी पहुंचे।

 

### प्रदेश कांग्रेस ने किया आत्मीय स्वागत

टिहरी आगमन पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं की ओर से इमरान प्रतापगढ़ी का गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड की पर्यटन संभावनाओं और टिहरी की स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

 

### धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन पर जोर

इमरान प्रतापगढ़ी ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए कहा कि देवभूमि में धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।

 

उन्होंने कहा कि पिरान कलियर से गंगोत्री और धारचूला से यमुनोत्री तक उत्तराखंड को प्रकृति ने अद्भुत संपदा दी है। जरूरत है कि पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर इसे स्थानीय रोजगार से जोड़ा जाए।

 

### टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने की मांग

 

प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने टिहरी बांध की विशाल झील को राष्ट्रीय और एशियाई पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की मांग रखी।

 

साथ ही टिहरी झील में जल क्रीड़ा और साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा पर्यटन के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रस्ताव भी सामने रखा गया।

 

### टिहरी मेडिकल कॉलेज का मुद्दा संसद में उठाने का आग्रह

 

पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली ने नई टिहरी में लंबे समय से चल रहे मेडिकल कॉलेज आंदोलन की जानकारी राज्यसभा सांसद को दी।

 

उन्होंने आग्रह किया कि जिला मुख्यालय नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का यह महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा संसद में उठाया जाए।

 

इमरान प्रतापगढ़ी ने संबंधित दस्तावेज और पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा और आश्वासन दिया कि वे इस विषय को आने वाले समय में सदन के समक्ष रखने का प्रयास करेंगे।

 

### पहाड़ी अरसे और रोटाने से हुआ स्वागत

 

टिहरी की लोक-संस्कृति और पहाड़ी आतिथ्य की झलक भी इस मुलाकात में देखने को मिली। प्रदेश कांग्रेस की ओर से इमरान प्रतापगढ़ी को अग्राखाल के प्रसिद्ध पहाड़ी अरसे और रोटाने भेंट किए गए।

 

### पिता के साथ बिताया समय, ताजा हुईं बचपन की यादें

 

टिहरी प्रवास के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने खूबसूरत मौसम और गंगा की कल-कल करती स्वर-लहरियों के बीच अपने पिताजी के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बचपन की यादों को भी ताजा किया।

 

### पर्यटन और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की उम्मीद

 

प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इमरान प्रतापगढ़ी का टिहरी आगमन पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के साथ-साथ टिहरी मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को संसद तक पहुंचाने की दिशा में भी अहम कदम है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button