कोरोना टेस्टिंग फर्जीवाड़े की जांच को एसआइटी गठित, सीओ बुग्गावाला करेंगे नेतृत्व

हरिद्वार। कुंभ के दौरान कोरोना टेस्टिंग में हुए फर्जीवाड़े की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस ने सीओ बुग्गावाला राकेश रावत के नेतृत्व में एसआइटी गठित की है। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय एसआइटी का पर्यवेक्षण करेंगी। शहर कोतवाल राजेश साह ने बतौर विवेचनाधिकारी सीएमओ डा. शंभू कुमार झा के इस मामले की जानकारी हासिल की। सीएमओ ने एक रोज पहले कोरोना जांच में गड़बड़ी के सिलसिले में मैक्स कारपोरेट सर्विसेज, नलवा लेबोरेटरी हिसार हरियाणा और डा.लाल चंदानी लैब दिल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
एसएसपी ने बताया कि मुकदमे की जांच के लिए गठित एसआइटी में सीओ राकेश रावत, कोतवाल राजेश साह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के प्रभारी निरीक्षक राकेंद्र कठैत, हरिद्वार एसओजी प्रभारी रणजीत तोमर, एसएसआइ कनखल राजेंद्र रावत, उपनिरीक्षक लक्ष्मी मनोला, कांस्टेबल शशिकांत व दीप गौड़ को शामिल किया गया है। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय को एसआइटी के पर्यवेक्षण का जिम्मा दिया गया है।