एलोपैथी पर टिप्पणी मामले में स्वामी रामदेव पहुंचे सुप्रीम कोर्ट,

एलोपैथी पर टिप्पणी मामले में स्वामी रामदेव पहुंचे सुप्रीम कोर्ट,
हरिद्वार। एलोपैथी पर टिप्पणी करने के मामले में देश के विभिन्न हिस्सों में दर्ज एफआइआर के खिलाफ स्वामी रामदेव ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने रिट याचिका दाखिल कर अपने खिलाफ दर्ज मामलों को चुनौती दी है। कहा है कि एक ही चीज के लिए कई केस नहीं दर्ज किए जा सकते। याचिका में मांग है कि पटना और रायपुर में दर्ज मामलों को संलग्न करके एक साथ सुनवाई के लिए दिल्ली स्थानांतरित किया जाए। साथ ही पटना और रायपुर में दर्ज प्राथमिकियों पर लंबित कार्यवाही पर रोक लगाई जाए।मई में स्वामी रामदेव का कोरोना इलाज में एलोपैथी डाक्टरों के बारे में दिया गया बयान वायरल होने के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) और डाक्टरों ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी। इसके बाद आइएमए की पटना और रायपुर यूनिट ने स्वामी रामदेव के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज करा दी।रामदेव ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिका में एलोपैथी के बारे में की गई टिप्पणी पर दर्ज मुकदमों का विरोध करते हुए कहा है कि यह कानून का तय सिद्धांत है कि एक चीज के लिए अलग-अलग कई एफआइआर नहीं दर्ज हो सकतीं।स्वाहमी रामदेव का कहना है कि उन्होंने किसी को आहत करने के लिहाज से बयान नहीं दिया था और न ही उनका ऐसा कोई इरादा था। फिर भी उन्होंने बाद में अपने बयान के लिए माफी मांगी थी। इस बारे में स्वास्थ्य मंत्री को भी चिट्ठी लिखी थी। लिहाजा इस बारे में उन पर कोई मामला नहीं बनता। बयान वायरल होने के बाद उन्हें दिल्ली सहित आइएमए की कई राज्य यूनिटों से कानूनी नोटिस भेजे गए और उन्होंने उनका जवाब भी दिया।