Uttarakhand

उत्तराखंड में चल रहा भर्ती घोटालों का विशाल रैकेट : प्रियंका गांधी

उत्तराखंड में चल रहा भर्ती घोटालों का विशाल रैकेट : प्रियंका गांधी

उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर हुए भर्ती घोटालों ने होनहार युवाओं को निराश किया : प्रियंका गांधी वाड्रा

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा सहित तमाम भर्तियों के विवाद में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला है।अपने फेसबुक पेज में प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर हुए भर्ती घोटालों ने होनहार युवाओं को निराश किया है। उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ, राज्य के अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार सामने आया है। वहीं, दूसरी ओर विधानसभा में हुई भर्तियों में भी भारी घोटाला सामने आया है। इसमें तमाम नेताओं के रिश्तेदारों और संबंधियों को बड़ी संख्या में पद बांटे गए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि इन घोटालों की जांच में नेता, पुलिसकर्मी, सचिवालय के कर्मचारी, आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मचारी, कुछ युवा, कोर्ट के कर्मचारी और कोचिंग सेंटर से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों का कितना विशाल रैकेट चल रहा है।
इतने बड़े पैमाने पर हुए भ्रष्टाचार ने एक बार फिर साबित किया है कि चाहे उत्तराखंड हो या उत्तर प्रदेश, भाजपा की सरकारें देशभर के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं। लगातार हो रहे इन घोटालों ने योग्य और शिक्षित युवाओं को न सिर्फ निराश किया है, बल्कि उनके भविष्य को अंधकार में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button