पेट में बच्चे की मौत, प्रसूता ने दम तोड़ा, अस्पतालों में भटकते रहे स्वजन

पेट में बच्चे की मौत, प्रसूता ने भी दम तोड़ा, अस्पतालों में भटकते रहे स्वजन
केलाखेड़ा (ऊधमसिंहनगर) : समय पर उचित इलाज न मिल पाने के कारण पेट में पल रहे बच्चे और बाद में उसकी मां की मौत हो गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल, एसडीएम बाजपुर और सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के प्रयासों के चलते महिला को केलाखेड़ा में दफनाया जा सका।स्वार थाना क्षेत्र के बाबरपुरी गांव निवासी महिला का निकाह 28 जून 2020 को केलाखेड़ा के निवासी युवक के साथ हुआ था। गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी और हल्का बुखार भी आ गया। स्वजन उसे लेकर बाजपुर और रुद्रपुर के अस्पतालों में पहुंचे, लेकिन अस्पताल संचालकों की ओर से अस्पताल में वेंटीलेटर न होने की बात कहते हुए हाथ खड़े कर दिए गए। ऐसे में स्वजन उसे लेकर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण कर बताया कि नवजात शिशु की गर्भ में ही मृत्यु हो चुकी है। मां की जान बचाने के लिए आपरेशन करना होगा। जिससे स्वजनों ने हामी भर आपरेशन करने की सहमति दी।ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे महिला ने भी दम तोड़ दिया। इसी दौरान महिला की कोरोना रिर्पोट भी पॉजिटिव आ गई। जिस पर महिला के परिजनों ने मृतका के शव को उनके सुपुर्द करने का आग्रह सुशीला तिवारी अस्पताल के डाक्टरों से किया। डाक्टरों ने कोविड प्रोटोकाल का हवाला देते हुए कहा कि शव का अंतिम संस्कार कोविड टीम ही करेगी। अगर आपको शव ले जाना है तो सिटी मजिस्ट्रेट का अनापत्ति प्रमाण पत्र लाना होगा। डाक्टरों की बात सुनकर स्वजनों ने कांग्रेसी नेता राजेन्द्र पाल से संपर्क किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी बाजपुर विवेक प्रकाश व सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी प्रत्यूश कुमार से संपर्क किया। दोनों अधिकारियों ने नियमानुसार शव देने की तत्काल हामी भरी व स्वजनों की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत कर कोविड नियमों का अनुपालन करने के निर्देश दिए। जिसके बाद मृतक महिला की देह को उसके स्वजनों को सौंप दिया गया।कोविड नियमों का पालन करते हुए स्वजन शव को केलाखेड़ा कब्रिस्तान ले आए और यहां नियमों का पालन करते हुए शव को सुपुर्दे खाक किया गया। अनापत्ति प्रमाण पत्र समय पर देने के लिए स्वजनों ने एसडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट का आभार व्यक्त किया है