एक जून को केरल तट पर पहुंचेगा मानसून, किस किस राज्यों में जमकर होगी बारिश|

देहरादून। कोरोना के आपदा काल में मानसून को लेकर अच्छी खबर सामने आई जो लोगों को राहत दे सकती है। मानसून अपने निर्धारित समय से केरल के तटीय क्षेत्र तक पहुंचेगा। मानसून के ताजा पूर्वानुमान से कृषि क्षेत्र और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। किसानों के लिए आगामी फसल वर्ष के शानदार होने की संभावना है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम. राजीवन ने गुरुवार को बताया कि चालू सीजन में मानसून अपने निर्धारित समय पर एक जून को केरल पहुंच जाएगा। भारतीय मौसम विभाग ने मानसून को लेकर जारी अपने पहले पूर्वानुमान में दावा किया है कि इस बार मानसून पूरे देश में जमकर बरसेगा। मानसूनी हवाएं उसी के अनुरूप चल रही हैं। मौसम विभाग आगामी 15 मई को मानसूनी हवाओं की चाल, बादलों में जल की मात्रा और देश के किन हिस्सों में कितनी बारिश होगी, का ब्योरा जारी करेगा। देश के 75 फीसद हिस्से में जून से लेकर सितंबर के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। जून से सितंबर के बीच सक्रिय रहने वाले मानसून सीजन में कुल 103 फीसद बारिश होगी। लेकिन उत्तरी क्षेत्र के मैदानी भागों और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पूरे सीजन में कम बारिश की आशंका है। जबकि पूर्वी राज्यों बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में औसत से अधिक बरसात होने का पूर्वानुमान है। प्रशांत महासागर में पिछले वर्ष से ला नीना की स्थिति बनी हुई है, जिससे आगामी मानसून सीजन अच्छा रहेगा। पूरे मानसून सीजन पर अल नीनो के उभरने की आशंका नहीं है। महासागरों में होने वाली गतिविधियों का कोई दुष्प्रभाव मानसून की चाल पर नहीं पड़ेगा।