Covid से मरने वालों का आंकड़ा पोर्टल पर नहीं किया दर्ज

कोविड अस्पतालों की निगरानी और रोजाना होगी समीक्षा
Haridwar:कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ मृतकों का आंकड़ा भी कम नहीं हो रहा है। अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट बना है। समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीज दम तोड़ रहे हैं। बाबा बर्फानी अस्पताल प्रशासन की ओर से कोविड से मरने वाले लोगों का आंकड़ा पोर्टल पर दर्ज नहीं किए जाने से हड़कंप मचा है। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने अस्पतालों में मृत्युदर की रोकथाम और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए उड़न दस्तों की तीन टीमें बनाई हैं। टीमें अस्पतालों में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखेंगी और मरीजों एवं उनके तीमारदारों से फीड बैक लेंगी। लापरवाही बरतने वाले अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 19 अस्पतालों में कोविड मरीजों का इलाज हो रहा है। इनमें चार सरकारी और बाकी निजी अस्पताल हैं। अस्पतालों में मरीजों के इलाज में लापरवाही की शिकायतें आ रही हैं। जिलाधिकारी ने कोविड केयर सेंटर, डीसीएचसी और डीसीएच में औचक निरीक्षण के लिए टीमें बनाकर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। टीमें प्रतिदिन अस्पतालों में पीपीई किट पहनकर कोविड वार्ड, आईसीयू आदि का भौतिक सत्यापन करेंगी। वास्तविक ऑक्सीजन के प्रयोग का आडिट करेंगी। आईसीएमआर और एम्स की ओर से निर्धारित कोविड क्लीनिकल मैनेजमेंट प्रोटोकॉल के अनुपालन की समीक्षा भी करेंगी।
टीम में शामिल पुलिस अधिकारी अस्पताल के ऑक्सीजन भंडारण क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। अस्पताल की सुरक्षा का भी निरीक्षण करेंगे, ताकि डाक्टरों, हेल्थ केयर वर्करों की सुरक्षा में कोई लापरवाही न हो। टैक्स अफसर शासन की ओर से निर्धारित दरों के अनुपालन में अभिलेखों की समीक्षा करेेंगे। अस्पताल में आए मरीजों के परिजनों से भी जानकारी ली जाएगी। टीमें प्रतिदिन निरीक्षण की जिलाधिकारी और सीएमओ को रिपोर्ट करेंगी। अस्पतालों की व्यवस्थाओं से संबंधित शिकायत सीधे नामित अधिकारियों से भी की जा सकती है।