कोरोना का लेकर शासन प्रशासन सतर्क
कोरोना को लेकर शासन-प्रशासन सतर्क
ANI संवाददाता हरीश थपलियाल।। उत्तरकाशी। कोरोना वायरस के संक्रमण से उपजा संकट कितना गंभीर हो गया है, इसका पता उससे लड़ने के लिए नित-नए उपायों के निर्देश के साथ-साथ डीएम आशीष चौहान की ओर से जारी संदेश से भी हो रहा है। यह आवश्यक ही नहीं,अनिवार्य है कि सभी लोग इस संदेश को सही तरह समझें और एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर अपेक्षित दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें। कोरोना वायरस से उपजी कोविड-19 नामक बीमारी वास्तव में एक ऐसी महामारी है, जिससे लड़ाई में हर किसी का सहयोग आवश्यक है। यह न तो आसान लड़ाई है और न ही इसे केवल सरकार के भरोसे रहकर जीता जा सकता है। यह भूल भी नहीं की जानी चाहिए कि केवल बड़े शहरों के लोगों को ही सावधान रहने की जरूरत है। इस संकट से बचने में तो देश के हर एक नागरिक का योगदान चाहिए- चाहे वह शहरी हो या ग्रामीण।
वास्तव में देश के भीतर कोरोना वायरस के संक्रमण को थामना एक ऐसा राष्ट्रीय यज्ञ बनना चाहिए, जिसमें हर एक को अपने नागरिक दायित्व की आहुति डालनी ही है। चूंकि अब यह किसी से छिपा नहीं कि किसी एक व्यक्ति की लापरवाही पूरे समुदाय पर भारी पड़ सकती है, इसलिए हर किसी को यह सुनिश्चित करना होगा कि वह खुद तो सतर्क रहे ही, दूसरे लोग भी पर्याप्त सतर्कता बरतें।
साफ-सफाई और सेहत के प्रति सतर्कता में कमी अथवा भीड़-भाड़ से बचने में लापरवाही वैसे भयावह हालात पैदा कर सकती है,जैसे सोमवार को उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में कोरोना स्क्रीनिंग सेंटर में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के परीक्षण एवं आंकड़े एकत्रित किये जा रहे थे। उस दौरान कई लोग कोरोना वायरस की गंभीरता को समझने से इन्कार कर रहे थे। जब सरकारी तंत्र के पुलिस,राजस्व-विभाग,लोकनिर्माण विभाग,कृषि विज्ञान और खासकर स्वास्थ्य तंत्र के लोग कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं, तब उनका सहयोग करना हम सबका नैतिक धर्म बनना चाहिए। समय की मांग है कि यह भाव राष्ट्रीय संकल्प बने कि हम सब मिलकर इस संकट को परास्त करेंगे और देश-दुनिया में एक मिसाल कायम करेंगे।
इस अवसर पर एन्टी कोरोना टीम में इंजीनियर सुरेश तोमर,वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ पंकज नौटियाल डॉ गौरव पपनै,बीडीओ श्रुति वत्स,वरिष्ठ चिकित्सक डॉ विनोद कुकरेती,डॉ शशांक रमोला,डॉ प्रवेश रांगड़ एवं पुलिस अधिकारियों में थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल,चौकी इंचार्ज विनोद पंवार,उपनिरीक्षक समीप पांडेय, महिला उपनिरीक्षक मेघा आलकोटी,कांस्टेबल डबल सिंह चौहान,जयवीर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा खाद्यपूर्ति निरीक्षक बीएस नाथ भी मौजूद रहे।।