Uttarakhand

छापेमारी के दौरान आबकारी निरीक्षक की पिटाई, वर्दी फाड़ी

छापेमारी के दौरान आबकारी निरीक्षक की पिटाई, वर्दी फाड़ी

लक्सर: अवैध शराब की सूचना पर फतवा गांव में छापेमारी करने गए आबकारी निरीक्षक और हेड कांस्टेबल की आरोपित और स्वजन ने पिटाई कर दी। आरोपितों ने आबकारी निरीक्षक की वर्दी फाड़ दी और एक अन्य सिपाही और महिला कांस्टेबल के साथ भी अभद्रता की। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और 205 बोतल शराब बरामद की। आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ पिटाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपित पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आबकारी निरीक्षक शिव प्रसाद व्यास को लक्सर कोतवाली के फतवा गांव में आरोपित धन सिह की ओर से अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। सूचना पर उन्होंने हेड कांस्टेबल दिनेश रावत, नवीन नौटियाल और एक महिला सिपाही के साथ धन सिंह रावत के घर पर छापा मारा। आबकारी निरीक्षक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि धन सिंह के घर से तोहफा ब्रांड की 205 बोतल शराब बरामद की गई। शराब को कब्जे में लेकर जब उन्होंने कार्रवाई शुरू की तो आरोपित भड़क गए। आरोप है कि धन सिंह, पत्नी संगीता और बेटे शुभम ने उनके व दिनेश के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौच और पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने उनकी वर्दी फाड़ दी। नवीन और महिला सिपाही के साथ भी अभद्रता की गई। इस बीच धन सिंह के उकसावे पर कई अन्य ग्रामीण मौके पर आ गए और टीम को घेरकर उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस मौक पर पहुंची। इस दौरान आरोपित मौके से भाग निकले। मामले में आबकारी निरीक्षक की ओर से अवैध शराब बरामद होने पर तीनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जबकि, आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने भी आरोपितों के खिलाफ पिटाई, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित धन सिंह और पत्नी संगीता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button