अग्निवीर भर्ती के लिए पहुंचे युवक को फर्जी दस्तावेजों के साथ किया गिरफ्तार

पिथौरागढ़ : पिथौरागढ़ में चल रही अग्निवीर भर्ती के लिए पहुंचे एक और युवक को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया है। सेना भर्ती में लगे जवानों को दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान संदेह हुआ तो प्रमाण पत्रों की जांच की गई तो गड़बड़ी मिली। आर्मी ने युवक काे सिविल पुलिस को सौंप दिया है। वह उत्तर प्रदेश के बागपत का निवासी बताया जा रहा है।बुधवार शाम को अग्निवीर भर्ती के लिए पहुंचे युवकों के एडमिट कार्ड के बार कोड स्कैन किए जा रहे थे। इस दौरान सचिन कुशवाहा निवासी देघाट सरोरागांव, बागपत, उत्तर प्रदेश के प्रवेश पत्र का बार कोड स्कैन किया गया तो अभ्यर्थी के नाम के स्थान पर दूसरा नाम आने पर संदेह हुआ। जिसके बाद मिलट्री इंटेलिजेंस ने उससे अलग से पूछाताछ की तो फर्जी दस्तावेजों की बात सामने आई। आर्मी ने युवक सिविल पुलिस को सौंप दिया है।युवक के पास एक एडमिट कार्ड और तीन आधार कार्ड मिले। जिसमें दो आधार कार्डों के एक ही आधार नम्बर हैं। एक आधार कार्ड में सचिन पुत्र राजेन्द्र सिंह सरोरा बागपत, दूसरे कार्ड में अंकित पुत्र ओम सिंह निवासी काणाधार कनालीछीना नाम पता है तो तीसरे कार्ड में रोहित पुत्र सतीश कुमार शाहाबाद हरदोई, जन्मतिथि 18 अप्रैल 2000 दर्ज है। अन्य आधार कार्डों पर अलग जन्म तिथि है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। युवक को कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।पिथौरागढ़ में अग्निवीर भर्ती के पहले दिन सोमवार को भी मुनस्यारी के सीमांत गांव नमिक का युवक फर्जी दस्तावेजों के साथ भर्ती के लिए पहुंचा था। ओवरएज होने के कारण उसने भी अपने फर्जी दस्तावेज उत्तर प्रदेश से बनवाए थे। मामले में युवक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।