ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बांटे जा रहे चाय बिस्किट।।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बांटे जा रहे चाय बिस्किट।।
हरीश थपलियाल, उत्तरकाशी।। नगर पालिक चिन्यालीसौड़ शहर में जगह-जगह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और सड़क किनारे बैठे जरूरतमंदों तथा मजदूर वर्ग को सुबह से चाय पिलाने तथा बिस्किट खिलाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री नागेंद्र बिष्ट अपने एक सहयोगी अंकित रमोला के साथ चाय की कैन और झोले में बिस्किट के पैकेट रखकर सुबह से निकल पड़ते हैं। प्रतिदिन वे करीब 150 से अधिक लोगों को चाय पिला रहे हैं और बिस्किट के पैकेट वितरित कर रहे हैं।
नागेंद्र बिष्ट ने बताया कि लॉकडाउन के चलते शहर में थानों सहित सड़कों और चौक-चौराहों पर जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मी आम जनता की मदद के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें दिनभर चाय तक नहीं मिल रही थी। इसके साथ ही बेसहारा मजदूरों को चाय पिलाने और बिस्किट खिलाने का विचार उनके मन में आया और वह इस काम में जुट गए। प्रतिदिन सुबह घर से चाय बनवाकर बड़ी कैन में भरकर और झोले में बिस्किट के पैकेट रखकर अपने नागणी वार्ड से निकल जाते हैं और जहां भी पुलिसकर्मी या कोई जरूरतमंद नजर आता है उसे रुक कर चाय पिलाते हैं और बिस्किट पैकेट वितरित कर बिस्किट खिलाते हैं। उन्होंने बताया कि लॉक डाउन में समाज सेवा का यह क्रम लगातार जारी रहेगा। इसी तरह कई समाजसेवी तरह-तरह से जरूरतमंदों की सेवा में लगे हुए हैं।