कूटरचित दस्तावेजों से जमीन हड़पने का खेल, दो आरोपी गिरफ्तार
सत्यम पुंडीर के साथ दिलीप कुमार गुप्ता और कर्मदास की भूमिका सामने आई।

विवेक वर्मा
देहरादून। जमीन पर कब्जे के लिए कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में बसंत विहार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वसुंधरा एनक्लेव निवासी सचिन चंद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता के नाम की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे कब्जाने का प्रयास किया गया।
जांच में पुलिस को मुख्य आरोपी सत्यम पुंडीर के साथ दिलीप कुमार गुप्ता और कर्मदास की भूमिका सामने आई। आरोप है कि दोनों ने मिलकर जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार करने में सहयोग किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 14 सितंबर को दिलीप कुमार गुप्ता को त्यागी रोड और कर्मदास को इंजीनियर एन्क्लेव क्षेत्र से दबोच लिया। दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस की कार्रवाई ने जमीन के फर्जीवाड़े के नेटवर्क पर शिकंजा कसने का संकेत दिया है।