रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
मारपीट के बाद बिगड़ी थी जानिसार की तबीयत, लाडपुर तिराहे से पुलिस ने विकास उर्फ विक्कू और सोनू को दबोचा

विवेक वर्मा, देहरादून
रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत का खुलासा,
रायपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 7 सितंबर का है, जब जानिसार खान के साथ विक्कू और उसके साथियों द्वारा मारपीट की गई थी। मारपीट में जानिसार को गंभीर चोटें आई थीं।
परिजनों के मुताबिक, चोटों के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और 13 सितंबर की सुबह वह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लाडपुर तिराहे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय विकास साहनी उर्फ विक्कू और 21 वर्षीय सोनू साहनी के रूप में हुई है। दोनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।