Dun Hospital: यूरोलाजिस्ट की ओपीडी आज से शुरुआत

देहरादून। दून अस्पताल में सोमवार से यूरोलाजिस्ट की ओपीडी शुरू हो गई है। यूरोलाजी की ओपीडी सप्ताह में दो दिन सोमवार व गुरुवार को चलेगी। पहले दिन उनकी ओपीडी में 50 से ज्यादा मरीज आए। ओपीडी शुरू होने से मूत्र, किडनी, प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों के मरीजों को राहत मिली है। गुर्दे की पथरी, कैंसर और प्रोस्टेट के कैंसर के ऑपरेशन दूरबीन विधि से किये जाएंगे। सीपीआरओ महेंद्र भण्डारी ने बताया कि एम्स में लंबी सेवा देने वाले यूरोलाजिस्ट डा. मनोज बिस्वास ने ज्वाइन कर लिया है। वार्ड भी आवंटित किया जा रहा है। दूरबीन विधि से भी आपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे। वहीं एक साल के भीतर गुर्दा प्रत्यारोपण शुरू करने का भी लक्ष्य है। बता दें कि यूरोलाजिस्ट ही मूत्र प्रणाली-जिसमें मूत्राशय, गुर्दे, मूत्रनली, मूत्रमार्ग और अधिवृक्क ग्रंथियां को प्रभावित करने वाले रोगों का उपचार कर सकते है। इनके न होने से मरीजों को यहां से रेफर करना पड़ता था।