जब खुद को उत्तराखंड सीएम का भतीजा बताकर हेकड़ी दिखाने लगा युवक
पुलिस और युवक के बीच जमकर तनातनी हुई।

जब खुद को उत्तराखंड सीएम का भतीजा बताकर हेकड़ी दिखाने लगा युवक
नैनीताल : नैनीताल भवाली रोड क्षेत्र में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन में पुलिस ने जैमर क्या लगाया वाहन स्वामी खुद को उत्तराखंड सीएम का भतीजा बता कर हेकड़ी दिखाने लगा। इस बीच पुलिस और युवक के बीच जमकर तनातनी हुई। मगर वाहन में बैठे अन्य लोगों से पूछताछ पर हकीकत सामने आ गई। पुलिस ने युवक के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।गुरुवार शाम तल्लीताल पुलिस ने भवाली रोड क्षेत्र में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर जैमर लगा दिए। पुलिसकर्मी डांठ पर वापस लौटे ही थे कि एक वाहन स्वामी का एसआइ दीपक बिष्ट के पास फोन आया। युवक खुद को उत्तराखंड सीएम का भतीजा बताते हुए तुरंत जैमर खोलने की मांग करने लगा। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के साथ पुलिस की जमकर तनातनी हुई। पुलिसकर्मियों ने देखा कि वाहन में तीन किशोरिया भी बैठी हुई है।आसपास मौजूद दुकानदारों ने बताया कि युवक किशोरियों से मारपीट भी कर रहा था। जिसके बाद पुलिस ने किशोरियों से पूछताछ की तो उन्होंने किसी वीडियो शूट के चलते नैनीताल आने की बात कही और युवक को उनका संगीत शिक्षक बताया। हकीकत सामने आते ही युवक छोड़ देने की गुहार लगाने लगा। दीपक बिष्ट ने बताया कि बड़ा खुदागंज पीलीभीत यूपी निवासी सानू अख्तर के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। किशोरियों के स्वजनों से बातचीत होने के बाद युवक को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।