105 वर्षीय बुद्धि देवी ने कोरोना को दी मात, स्वास्थ्य कर्मी बोले जुग-जुग जियो माई

105 वर्षीय बुद्धि देवी ने कोरोना को दी मात, स्वास्थ्य कर्मी बोले जुग-जुग जियो माई
गैरसैंण
महामारी के दौर में कोविड को हरा कर बच निकलना नया जीवन पाने से कम नहीं है। बीमारी के वक्त जब अपने ही मुह मोड़ लेते हैं, पास आने से कतराते हैं, ऐसे में संक्रमित ब्यक्ति जीने की चाह भी खोने लगता है, किन्तु प्यार, अपनापन व चिकित्सीय सहारा मिलने पर पीड़ित को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी लड़ने की शक्ति मिलती है, और संक्रमित ब्यक्ति महामारी से जूझते हुए सुरक्षित निकल आता है। ऐसा ही कुछ गैरसैंण नगर क्षेत्र के वार्ड 1 में देखा गया जहां 105 वर्षीय बुद्धि देवी को कोविड से स्वस्थ होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्मियों ने माला पहना कर ईश्वर से उनकी लम्बी उम्र की दुआ मांगी।
बताते चलें बयोबृद्ध बुद्धि देवी का स्वास्थ्य 26 अप्रैल को एकाएक बिगड़ने लगा। घर के सभी सदस्य शादी में भाग लेने नगर से बाहर थे, घर पर केवल परपुत्र बधू मौजूद थी। खांसी, बुखार की शिकायत पर बधू ने अपने सास-ससुर से सम्पर्क पर तुरन्त पृथक कक्ष में आइसोलेट कर दिया। अगले दिन परिवार के सदस्यों के लौटने पर एंटीजन टेस्ट कराया, जिसमे वे पॉजिटिव पाई गई। अस्पताल से दवा किट व आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। संक्रमित महिला के पोते अभिषेक ने दादी की खूब सेवा की। ऑक्सीजन लेबल व टेम्प्रेचर चेक करने से लेकर नियमित 2 वक्त भाप देने व खाने-पीने का विशेष ध्यान रखा। इस बीच कई बार पीड़ित का ऑक्सीजन लेबल 85 से नीचे रिकार्ड किया गया, किन्तु पेट के बल लिटा कर ब्रीदिंग एक्सरसाइज करवा कर लेबल 94 तक पहुचाने का हर बार प्रयास किया। रविवार को 20 दिन बाद स्वास्थ्य केंद्र से डॉ अर्जुन रावत, चीफ फार्मासिस्ट डॉ आरबीएस पंवार व फार्मासिस्ट कमलेश नॉटियाल ने जांच कर स्वस्थ होने की जानकारी दी। बुद्धि देवी को माला पहनाई व ईश्वर से लम्बी उम्र की कामना की।