ROJGARSTATE

हरियाणा में 7200 पुलिसकर्मियों की होगी भर्ती

चंडीगढ़: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक वाई. एस. सिंघल ने आज कहा कि एक हजार महिलाओं सहित कम से कम 7200 पुलिसकर्मियों की जल्द ही भर्ती की जाएगी.

इस बार भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा भी होगी. सौ में से 95 अंक शारीरिक परीक्षा और लिखित परीक्षा के लिए होंगे जबकि इंटरव्यू के लिए केवल पांच अंक दिए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि चयन पूरी तरह पारदर्शी होगा और शारीरिक परीक्षा के दौरान रेडियो फ्रिक्वेंसी आईडेंटिफिकेशन डिवाईस का प्रयोग किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस विभाग के कामकाज में अगले तीन सालों में अभूतपूर्व बदलाव देखा जाएगा. योग्यता के आधार पर चयन के साथ ही विभाग की क्षमता में काफी सुधार आएगा.’’

सिंघल ने कहा कि राज्य बनने के बाद पहली बार सरकार ने निर्णय किया है कि यातायात पुलिस द्वारा जुटाए गए चालान शुल्क का आधा यातायात शिक्षा या यातायात संसाधनों पर खर्च किया जाएगा.

डीजीपी ने बयान जारी कर कहा कि वर्तमान में राज्य में बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं के कारण मौत होती है. यह कदम उठाए जाने के बाद इस संख्या में काफी कमी आएगी.

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में 500 अतिरिक्त मोटरसाइकिल लाए जाएंगे ताकि यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को आवास सुविधा देने के लिए 3000 नए मकान बनाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि विभाग के संसाधनों में बढ़ोतरी किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली सुधरेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button