
सौरभ हत्याकांड : दूसरा आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार
देहरादून। बीती 12 जून की रात्रि को गुडरिच चाय बागान में सौरव उर्फ सागर (23) पुत्र राजकुमार निवासी लक्ष्मीपुर थाना सहसपुर का शव बरामद हुआ था। मृतक के भाई रोहित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। सौरभ की गला घोटकर हत्या की गई थी। मामले का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने अगले ही दिन एक आरोपी कंचन निवासी ग्राम तारकपुर लालबाग थाना बोरपुर जिला मुर्शिदाबाद पश्चिमी बंगाल हाल निवासी गुडरिच विकासनगर को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया था। कंचन ने अपने सगे भाई कमरेज के साथ मिलकर हत्याकांड का अंजाम दिया था। सौरभ द्वारा उनके परिवार की एक महिला के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर दोनों ने गुस्से में गलाघोट कर सौरभ की हत्या कर दी थी। पुलिस को मौके से बाइक और मोबाइल फोन मिले थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी विरेंद्र दत्त उनियाल ने बताया कि हत्या के बाद से कमरेज फरार था। जिसे खोड़ा गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस में बैठकर हरबर्टपुर से देहरादून पहुंचा। फिर लिफ्ट लेकर सहारनपुर और वहां से गाजियाबाद चला गया। पुलिस टीम में कोतवाल प्रदीप बिष्ट, एसएसआई कुलवंत सिंह, एसआई प्रमोद कुमार, एसआई अर्जुन सिंह गुसाईं, सिपाही नवीन कोहली, त्रेपन, किरणपाल, राजेश शामिल रहे।