CRIMESTATE

रुद्रपुर में युवक पर जानलेवा हमला, महिला मित्र से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी

स्टील पाइप से सिर पर किया वार, गंभीर घायल युवक के सिर पर लगे छह टांके; तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


जिले के रुद्रपुर में महिला मित्र से छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर तीन युवकों ने उस पर स्टील पाइप से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित युवक, जो भूरारानी क्षेत्र का निवासी है, ने कोतवाली रुद्रपुर में दी शिकायत में बताया कि 12 मार्च की रात वह अपनी महिला मित्र के साथ भोजन करने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान नवीनखेड़ा क्षेत्र के एक फार्म में रहने वाले पिंटू, उमेश और चंदन वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने उसकी महिला मित्र को देखकर अभद्र टिप्पणियां कीं और छेड़छाड़ का प्रयास किया।

जब युवक ने इसका विरोध किया, तो तीनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने स्टील पाइप से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।

घायल युवक को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर छह टांके लगाए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर पिंटू, उमेश और चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button