देहरादून में पीआरडी जवानों का धरना 21वें दिन भी जारी, मांगों पर अड़े
समान वेतन, महंगाई भत्ता और 365 दिन रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन जारी, सरकार से जल्द फैसले की अपील
देहरादून के एकता विहार स्थित धरना स्थल पर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों का आंदोलन 21वें दिन भी लगातार जारी है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे महिला और पुरुष जवानों का संयोजन मंडल द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
धरना स्थल पर मौजूद जवानों का मनोबल ऊंचा बना हुआ है। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। उनकी मुख्य मांगों में मूल वेतन पर महंगाई भत्ता (DA) लागू करना, होमगार्ड की तर्ज पर “समान कार्य के लिए समान वेतन” सुनिश्चित करना और सालभर में 365 दिनों के रोजगार का शासनादेश जारी करना शामिल है।
संयोजक मंडल के सदस्य गम्भीर सिंह रावत और प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद तोमर (प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन, उत्तराखंड) ने बताया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और सभी जवान एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में डटे हुए हैं। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील भी की।
पीआरडी जवानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना इसी तरह जारी रहेगा।