टोल प्लाजा को निरस्त करने का शासनादेश जारी करने की मांग

देहरादून। हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर नेपाली फार्म के समीप प्रस्तावित टोल प्लाजा को निरस्त करने का शासनादेश जारी करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति व ग्राम प्रधान संगठन का अलग-अलग धरना जारी रहा। इस दौरान सर्वदलीय संघर्ष समिति से जुड़े नेताओं ने दिवंगत नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सजवाण ने डा. इंदिरा हृदयेश के निधन पर शोक जताया और उनके उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में दिए गए योगदान को याद किया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव मनोज गुसाईं, प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विजयपाल रावत तथा कांग्रेस नेता भगवती सेमवाल ने भी डॉ इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, वक्ताओं ने नेपाली फार्म टोल प्लाजा निरस्तीकरण का शासनादेश जल्द जारी करने की मांग की। इस दौरान समिति के संयोजक संजय पोखरियाल, कांग्रेस के रायवाला ब्लाक अध्यक्ष बरफ सिंह पोखरियाल, देवेंद्र रावत, सोहन सिंह रौतेला, आशा सिंह चौहान, सतीश रावत आदि रहे।