देहरादून :नगर निगम चार गुना जुर्माने के साथ भवन कर वसूलने की तैयारी में

देहरादून : भवन कर नहीं चुकाने वालों पर निगम चार गुना जुर्माने के साथ भवन कर वसूलने की तैयारी कर रहा। नगर आयुक्त मनुज गोयल के आदेश पर सभी सौ वार्डों में चल रहे चिह्नीकरण अभियान के तहत पहले चरण में आठ वार्डों में 9433 भवनों को चिह्नित किया गया है।बताया गया कि इन भवनों के स्वामियों ने एक मर्तबा भी नगर निगम में भवन कर जमा नहीं कराया है। निगम की ओर से भवन मालिकों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। कर नहीं चुकाने वालों की कुर्की के आदेश दिए गए हैं।आवासीय व व्यावसायिक भवन कर की वसूली की समीक्षा में नगर आयुक्त गोयल ने कर वसूली में निगम की गति को काफी सुस्त पाया। उन्होंने भवन कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने वसूली की अब तक की पूरी रिपोर्ट भी तलब की। इसमें मालूम चला कि अब तक यानी वित्तीय वर्ष 2022-23 की पहली छमाही में महज 20 प्रतिशत वसूली हुई है।भवन कर का सालाना वसूली लक्ष्य 50 करोड़ रखा हुआ है, जबकि निगम अब तक करीब दस करोड़ रुपये ही वसूल पाया है। भवन कर वसूली में अब छह माह शेष बचे हैं। ऐसे में समस्त भवन कर निरीक्षकों को टारगेट देकर बकायेदारों की सूची बनाने के आदेश दिए गए हैं। बकायेदारों को नगर निगम की तरफ से डिमांड नोटिस भेजने के आदेश दिए गए हैं।