देहरादून :13 तक भारी वर्षा की चेतावनी,

देहरादून। श्री देवताल सीमा-दर्शन माणापास-नीतीपास लोकयात्रा समिति की प्रस्तावित देवताल यात्रा को बिगड़ते मौसम तथा सेना और जिला प्रशासन के सुझाव के चलते इस साल स्थगित कर दिया गया।
लगभग एक सौ यात्रियों को देवताल यात्रा-2022 के लिए जिला प्रशासन की स्वीकृति मिली थी। मौसम विभाग ने पहले ही नौ अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए माणा पास और नीती पास की यात्रा पर न जाने की सलाह दी थी।
देवताल सीमादर्शन पर जाने वाले सभी यात्री बदरीनाथ के माणा चौक पर एकत्र हुए थे, लेकिन लगातार वर्षा और प्रशासन के सुझाव को देखते हुए यात्रा को स्थगित कर दिया।
लोकयात्रा के संयोजक पूर्व मंत्री मोहन सिंह रावत गांववासी ने सभी यात्रियों से विचार-विमर्श कर यात्रा स्थगित करने की घोषणा की। इस यात्रा में भाग लेने के लिए अनेक यात्री सात अक्टूबर की शाम को ही बदरीनाथ धाम पहुंच गए थे।
लोकयात्रा समिति के संयोजक गांववासी ने बताया कि भले ही यह यात्रा इस बार स्थगित कर दी गई, लेकिन भविष्य में इसे फिर से शुरू किया जाएगा, जिससे उत्तराखंड के सीमा क्षेत्रों में स्थित प्राचीन धर्मस्थलों से परिचित हो सकें और स्थानीय निवासियों की सीमा सुरक्षा में भी भूमिका बनी रहे।