रस्सी पर बच्चों से कराए जा रहे थे खतरनाक करतब, महिला आयोग हुआ सख्त

अल्मोड़ा : मुख्यालय के बींचो बीच बाल अधिकारों का खुलेआम हो रहे उल्लंघन पर महिला आयोग सख्त दिखा। उन्होंने पुलिस व प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। आयोग ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर 24 घंटे में जवाब भी मांगा है।मुख्यालय से लगे एनटीडी तिराहे पर बाहर से आए कुछ आदिवासी बच्चियों को रस्सी पर चलाने वाला जानलेवा करतब करवा रहे थे, तभी वन वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण कर महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा वहां से निकलीं। उन्होंने जब बच्ची को जानलेवा करतब करते देखा तो गाड़ी रोक यह पूरा तमाशा बंद करवाया। इसके बाद बच्ची को सकुशल रस्सी से उतारा गया।जब उन आदिवासियों से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि तीन दिन से वह शहर में यह तमाशा कर रहे थे। जब उनके आधार कार्ड और पुलिस सत्यापन की जानकारी ली तो उनके पास वह भी नहीं था। आदिवासी महिलाओं को समझाते हुए कहा कि अपने बच्चों को पढ़ाओ। सरकार ने सब व्यवस्था निश्शुल्क की हुई है। यह जो तुम काम कर रहे हो यह अपराध है।