दिल्ली जाने वाली रुद्रपुर डिपो की बसों को दिल्ली में एंट्री नहीं

रुद्रपुर : दिल्ली जाने वाली रुद्रपुर डिपो की बसों को सितंबर के बाद दिल्ली में किसी भी हाल में एंट्री नहीं मिल सकेगी। इसके लिए सीएनजी बसों को ही प्रवेश की अनुमति दिल्ली सरकार देगी। बसों का संचालन प्रभावित न हो इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने 16 सीएनजी बसों की मांग की है।रोडवेज बस डिपो रुद्रपुर से दिल्ली के लिए 15 बसों का संचालन किया जाता है। मुख्यालय स्तर पर सीएनजी बसों की आपूर्ति की बाकी जिलों को भी की जानी है। रोडवेज डिपो के अधिकारियों की मानें तो कम से कम 250 से अधिक सीएनजी बसों की आपूर्ति होनी है। इसमें रुद्रपुर को 16 सीएनजी बसें मिलेंगी।एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के बढ़ते प्रभाव के बाद सीएनजी बसों के संचालन को लेकर एडवाइजरी जारी की जा चुकी है। सितंबर के बाद मुश्किल है कि बिना सीएनजी किट के बसों का संचालन दिल्ली रूट पर हो सके। इसके लिए नई सीएनजी बसों की आपूर्ति मुख्यालय को जैसे ही मिलेगी उसके बाद रुद्रपुर को भी बसों की आपूर्ति मिल सकेगी।पूर्व में फास्ट टैग के कारण भी बसों का संचालन दो वर्ष पहले दो दिनों के लिए रुक गया था। एक बार फिर सीएनजी बसों के हर हाल में संचालन को लेकर दिल्ली सरकार की तरफ से निर्देश दिए गए हैं। ताकि वायु प्रदूषण के स्तर को संतुलित रखा जा सके।सितंबर तक रोडवेज प्रशासन को समय दिया गया है। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि अभी बसों के मिलने को लेकर कोई पत्र मुख्यालय से प्राप्त नहीं हुआ है। जो व्यवस्था लागू होगी सितंबर के बाद यह पूरे प्रदेश में एक साथ होगी। एक माह का समय अभी है, उम्मीद है कि सीएनजी बसों की आपूर्ति मिल जाएगी।