दुर्गम में तैनाती, सुगम में अटैचमेंट पर चढ़ा विधायक का पारा

दुर्गम में तैनाती, सुगम में अटैचमेंट पर चढ़ा विधायक का पारा
लक्सर: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रपुरी कलां के निरीक्षण के दौरान दुर्गम क्षेत्र खानपुर में तैनात चिकित्सक और फार्मासिस्ट को सुगम क्षेत्र में अटैच किए जाने की जानकारी पर खानपुर विधायक का पारा चढ़ गया। दूरस्थ क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं की कमी के बीच विभागीय मनमानी पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने सीएमओ से फोन पर वार्ता कर सुगम में अटैच किए गए तीन चिकित्सक और एक फार्मासिस्ट को खानपुर भेजने को कहा।
चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों की दुर्गम स्थल खानपुर में तैनाती मिलने के बावजूद सेटिग-गेटिग से सुगम क्षेत्र में अटैचमेंट कराने की जानकारी खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को मिली थी। इस पर उन्होंने खानपुर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीत कुमार के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंद्रपुरी कलां का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी खाली पड़ा था। विधायक के जानकारी करने पर पता चला कि यहां एक चिकित्सक व फार्मासिस्ट की तैनाती है, लेकिन दोनों अटैचमेंट पर रुड़की में तैनात हैं। इसके अलावा खानपुर सीएचसी से भी चिकित्सक अटैच किए गए हैं। विधायक ने इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में ग्रामीण चिकित्सा सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। उस पर अधिकारी यहां तैनाती के बावजूद अटैचमेंट पर सुगम स्थानों पर कार्य कर रहे हैं, जबकि उनका वेतन खानपुर से जारी हो रहा है। फिर भी क्षेत्र की जनता को उनका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। विधायक चैंपियन ने इस पर तत्काल सीएमओ डॉ. एसके झा से फोन पर वार्ता की तथा देहात क्षेत्र में चिकित्सकों की आवश्यकता अधिक बताते हुए उन्हें तत्काल चिकित्सक और फार्मासिस्ट को अटैचमेंट समाप्त कर उनके मूल तैनाती स्थल पर वापस भेजने को कहा। विधायक चैंपियन ने इसके बाद सीएमओ को पत्र भेजकर अटैचमेंट पर एसडीएच रुड़की में तैनात डॉ. निष्ठा नेगी, बाबा बर्फानी अस्पताल हरिद्वार में तैनात डॉ. शौर्य सिघल को खानपुर सीएचसी में भेजने, डॉ. वीरेंद्र को एसडीएच रुड़की से पीएचसी चंदपुरी कलां, फार्मासिस्ट महिपाल को सीएमएसडी से पीएचसी चंदपुरी कलां भेजने तथा खानपुर सीएचसी पर तैनात फार्मासिस्ट के दो माह से अवकाश पर होने के कारण यहां फार्मासिस्ट की तैनाती करने के आदेश दिए हैं। विधायक ने कहा कि यह गंभीर अनियमितता है। जो चिकित्सक अथवा स्वास्थ्यकर्मी जहां तैनात है, उन्हें सिफारिश पर कहीं अटैचमेंट नहीं किया जाना चाहिए। सभी कर्मचारियों को वापस उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजा जाएगा। इस दौरान कुंवर दिव्य प्रताप सिंह, अमरीश गोयल, सुंदर चौधरी, प्रवीण गोयल, वीरेंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।