Uttarakhand

सनातन धर्म को निशाना बना रहीं विदेशी ताकत:स्वामी अवधेशानंद

स्वामी अवधेशानंद:  सनातन धर्म को निशाना बना रहीं विदेशी ताकत
हरिद्वार। जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि विश्वस्तर पर देश और सनातन धर्म के बढ़ते प्रभाव से कुछ विदेशी ताकत ईर्ष्या कर रही हैं। ये ताकत धार्मिक परंपरा और आस्था को निशाना बनाकर देश को कमजोर करने की साजिश भी रच रही हैं। उन्होंने कहा कि जाने-अनजाने विदेशी मीडिया संस्थान भी इस काम में उनकी मदद कर रहे हैं। अगर हम समय रहते नहीं संभले तो ये लोग अपने कुत्सित लक्ष्य में कामयाब हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हालिया वर्षों में सनातन धर्म के बढ़ते प्रभाव से बौखलाकर कुछ विदेशी ताकत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत विरोधी साजिश रच रही हैं। इसी कड़ी में उन्होंने सनातन धर्म और योग-आयुर्वेद को निशाना बनाने का प्रयास किया है। हमें भारतीय सभ्यता, संस्कृति और दिव्य संस्कारों को नष्ट करने की इस साजिश को नाकाम करने के लिए जागरूक होना होगा।स्वामी अवधेशानंद गिरि के इस बयान से एक दिन पूर्व पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने ट्वीट किया था कि देश में ईसाइयत को बढ़ावा देने की साजिश रची जा रही है। इसी के तहत योग गुरु बाबा रामदेव को निशाना बनाकर योग और आयुर्वेद को बदनाम किया जा रहा है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिए स्वामी अवधेशानंद गिरि के इस बयान को आचार्य बालकृष्ण के बयान के आलोक में ही देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button