राज्य में फिलहाल नहीं मिल पा रहा ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन का लाभ

राज्य में फिलहाल नहीं मिल पा रहा ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन का लाभ
देहरादून। उत्तराखंड में 18-44 आयु वर्ग के व्यक्तियों की बिना ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट के वैक्सीन लगवाने की हसरत अभी पूरी होती नहीं दिख रही है। राज्य में यह व्यवस्था अभी शुरू नहीं हो पाई है। इस वजह से कई युवाओं को निराश होकर लौटना पड़ा। कहीं टीकाकरण केंद्र बंद होने के कारण मायूसी हाथ लगी तो कहीं नई व्यवस्था का निर्देश नहीं होने का हवाला दिया गया। 18-44 आयु वर्ग के टीकाकरण के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट की व्यवस्था की गई है। इसमें आ रही परेशानी को देखते हुए केंद्र ने अब ऑनस्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था कर दी है। लेकिन, राज्य में फिलहाल इसका लाभ नहीं मिल पा रहा। वैक्सीन की कमी और टीकाकरण केंद्रों की कम होती संख्या इसकी प्रमुख वजह है।
18-44 आयु वर्ग के व्यक्तियों को बिना ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट के टीकाकरण का विकल्प तो दिया गया है, पर यह राह आसान नहीं है। किस्मत अच्छी होने पर ही ऐसे व्यक्तियों को टीका लग सकेगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित का भी कहना है कि ऑफलाइन व्यवस्था का फायदा केवल दस फीसद लाभार्थियों को मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि जो लोग कोविन पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हैं, वह सीधे नजदीकी सरकारी टीकाकरण केंद्र पर जाकर पंजीकरण करा सकेंगे। अगर वहां अतिरिक्त खुराक उपलब्ध है तो टीका भी लगवा सकते है। अगर नहीं है तो फिर किसी और दिन टीका लगवाना होगा। इसके अलावा अगर कोई शख्स ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेने के बाद टीका लगवाने नहीं पहुंचता है तो उसका टीका उन व्यक्तियों को लगाया जा सकता है, जो बगैर रजिस्ट्रेशन सीधे केंद्र पर पहुंचे हैं।