भाजपा विधायक पर अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। सितारगंज से भाजपा विधायक सौरभ बहुगुणा व प्रदेश सरकार के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता अक्षत जैन ने बताया कि विधायक सौरभ बहुगुणा वर्तमान में डिफेंस कॉलोनी देहरादून में रहते हैं। सितारगंज निवासी वाजिद मियां ने विधायक बहुगुणा के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी व अपमानजनक शब्दों का उपयोग किया है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है। इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं ने बताया कि अक्षत जैन की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जांच करवाई जा रही है।