बीते 14 महीने से कोरोना से जूझ रहा देहरादून

15 मार्च 2020 को प्रदेश में सामने आया था कोरोना संक्रमण का पहला मामला
देहरादून। दून को कोरोना से जूझते हुए 14 माह हो चुके हैं। 15 मार्च 2020 को प्रदेश में कोरोना संक्रमण का पहला मामला दून में ही सामने आया था। बीते साल सितंबर में यहां कोरोना का संक्रमण चरम पर था और इस साल जनवरी-फरवरी तक दून संक्रमण से मुक्ति की तरफ बढ़ने लगा था। सरकारी मशीनरी ने लंबी कसरत के बाद राहत की सांस ली ही थी कि कोरोना की दूसरी लहर जोर मारने लगी। अप्रैल के आरंभ में इसके संकेत मिलने लगे थे और माह के मध्य से आंकड़े उछाल मारने लगे। मई में अचानक कोरोना संक्रमण का ऐसा प्रसार हुआ कि सभी इंतजाम बौने नजर आने लगे। मई के बीते दिन कितने भारी पड़े, इसका अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि दून में 14 माह में आए कोरोना के कुल मामलों में 61 फीसद इस मई के 16 दिन में ही दर्ज किए गए। कोरोना से दून में जो मौत अब तक दर्ज की गई हैं, उनमें 41 फीसद इन्हीं 16 दिन में सामने आई। 30 अप्रैल 2021 तक दून में कोरोना की संक्रमण दर 8.81 फीसद थी, जो मई के 16 दिन में बढ़कर 11.82 फीसद को पार कर गई। हालांकि, इन्हीं दिनों में 16 मई की तारीख दून के लिए नई उम्मीद भी लेकर आई। मुश्किल दिनों में पहली दफा संक्रमण दर 12.60 फीसद के साथ जिले के अब तक के औसत से भी नीचे पाई गई। इसके साथ ही अब कोरोना के जितने नए मामले दैनिक आधार पर आ रहे हैं, उससे अधिक व्यक्ति कोरोना को मात देकर स्वस्थ होने लगे हैं।