Ambulance: मनमाना किराया वसूलने वालों पर प्रशासन का चाबुक

देहरादून: अब तय की गई निर्धारित दरों पर ही एंबुलेंस चालक किराया प्राप्त कर सकेंगे|प्रशासन द्वारा एंबुलेंस चालकों को वाहनों की दरें निर्धारित कर सौंप दी गई हैं, व सभी एंबुलेंस चालकों को वाहन पर प्रशासन द्वारा निर्धारित दर चस्पा करने के आदेश दिए गए हैं| जिलाधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में एम्बुलेंस किराया निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी एम्बुलेंस स्वामी/चालक को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें तथा निर्धारित दरों के अनुसार ही मरीज/उपभोक्ताओं को रसीद भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होने सभी एम्बुलेंस स्वामी/चालकों को किराया सूची एम्बुलेंस पर चस्पा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया यदि कोई निर्धारित राशि से अधिक किराया वसूलता है तो सम्बन्धित विरूद्ध निर्धारित प्राविधानों के अनुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा आज जनपद में स्थित विभिन्न अस्पतालों (कैलाश हॉस्पिटल, सीएमआई हॉस्पिटल, कोरोनेशन हॉस्पिटल, दून हॉस्पिटल, महंत इंद्रेश हॉस्पिटल, सिनर्जी हॉस्पिटल ) में तथा इन अस्पतालों के आस-पास उपलब्ध एंबुलेंस चालक व मालिकों को जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित एंबुलेंस के किराये की दरों के बारे में अवगत कराया गया |प्रशासन के आदेश का उल्लंघन करने की स्थति में अधिक किराया लेने पर उनके आदेश का उल्लंघन करने की विरुद्ध किए जाने वाली कार्रवाई के बारे में बताया गया तथा एम्बुलेंस पर आदेश की प्रति चस्पा की गई ।
ध्यान रखें यदि आपको भी कहीं एंबुलेंस की आवश्यकता पड़ती है और उस पर किराया सूची चस्पा ना होने की स्थिति में प्रशासन के आदेश का उल्लंघन करने की शिकायत आप पुलिस से कर सकते हैं