नैनीताल में छह माह से बिना छुट्टी वैक्सीनेशन ड्यूटी कर रहे 300 कर्मचारी

नैनीताल में छह माह से बिना छुट्टी वैक्सीनेशन ड्यूटी कर रहे 300 कर्मचारी
हल्द्वानी : कोरोना काल में हेल्थ केयर वर्कर्स की भूमिका सबसे अहम है। बात चाहे कोविड अस्पतालों, कोविड केयर सेंटरों और जांच केंद्रों में ड्यूटी करने की हो या फिर वैक्सीनेशन अभियान की। हर जगह स्वास्थ्य कर्मी जी जान से जुटे हुए हैं। नैनीताल जिले में 300 हेल्थ केयर वर्कर ऐसे हैं जो पिछले छह माह से एक भी दिन छुट्टी लिए बिना लगातार वैक्सीनेशन अभियान को जारी रखे हुए हैं। इनमें डॉक्टर, एएनएम, आशा वर्कर, डेटा एंट्री ऑपरेटर, स्टाफ नर्स आदि शामिल हैं।जिले में बीते छह माह से चले टीकाकरण अभियान के तहत अब तक दो लाख 54 हजार 263 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जिले भर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरकारी अस्पताल, स्कूल-कॉलेजों में टीकाकरण चल रहा है।