साप्ताहिक परेड में एसएसपी देहरादून ने परखी जवानों की फिटनेस, अनुशासन और कार्यप्रणाली
पुलिस लाइन में परेड निरीक्षण के बाद मैस, घुड़सवार दस्ता और निर्माण कार्यों का लिया जायजा
साप्ताहिक परेड में एसएसपी देहरादून ने परखी जवानों की फिटनेस, अनुशासन और कार्यप्रणाली

पुलिस लाइन में परेड निरीक्षण के बाद मैस, घुड़सवार दस्ता और निर्माण कार्यों का लिया जायजा, पुलिस कल्याण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

विवेक वर्मा
देहरादून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों की फिजिकल फिटनेस, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया।

परेड के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को दौड़ लगवाकर उनकी शारीरिक क्षमता और फिटनेस को परखा। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए फिटनेस और अनुशासन बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने घुड़सवार दस्ते का भी निरीक्षण किया और दस्ते में मौजूद अश्वों के रख-रखाव, खानपान और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने घुड़सवार दस्ते में तैनात कर्मियों को निर्देश दिए कि अश्वों के स्वास्थ्य और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान कर्मचारियों के लिए बनाए गए अत्याधुनिक भोजनालय (मैस) में सफाई व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने मैस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को इसी तरह बनाए रखा जाए और पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक चार्ट के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का भी एसएसपी ने निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस जनकल्याण से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने और कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
-(BOX):
▪ पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का एसएसपी ने किया निरीक्षण
▪ दौड़ लगवाकर जवानों की फिजिकल फिटनेस को परखा
▪ पुलिस कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने की दी सलाह
▪ घुड़सवार दस्ते और अश्वों के रख-रखाव की ली जानकारी
▪ मैस में सफाई व्यवस्था की सराहना, गुणवत्तापूर्ण भोजन के निर्देश
▪ पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा
▪ पुलिस जनकल्याण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश